Advertisement

जरीडीह में गोलीबारी व मारपीट मामले में तीन नामजद, लोडेड पिस्टल व कार बरामद

पुलिस ने कांड दर्ज कर तेज की आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के टांड़ बालीडीह स्थित एनएच किनारे नित्यानन्द मेडिकल स्टोर के समीप 20 मई को गोलीबारी और मारपीट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाशों द्वारा पीड़ित के साथ मारपीट करने के साथ हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना में घायल अमित कुमार पांडेय को तत्काल इलाज के लिए जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल पांडेय से पूछताछ की तथा फर्द बयान दर्ज किया।
बताया जाता है कि पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया। वहीं घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक देशी पिस्टल भी मिला है, जिसमें एक जिंदा गोली लोडेड थी। इसके अलावा आरोपियों द्वारा ले जाई गई वादी की कार को भी पुलिस ने बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है।

घायल के बयान के आधार पर जरीडीह थाना में कांड क्रमांक 76/26 दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद अभियुक्त बनाया है। इनमें मिथिलेश पांडेय उर्फ किशोर पांडेय एवं नित्यानन्द पांडेय (दोनों रहिवासी गायत्री नगर) तथा शुभम राय रहिवासी बालीडीह विशनपुर साइड दुर्गा मंदिर के सामने थाना बालीडीह शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। किन कारणों से गोली बारी की गई पुलिस इस ओर जांच में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *