डुमरी बुजुर्ग में सहयोग शिविर का आगाज, गंगा-अंबिका पथ व् एयरपोर्ट की घोषणा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 19 मई को सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के डुमरी बुजुर्ग पंचायत में सबका सम्मान, जीवन आसान अभियान के तहत सहयोग शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कड़े तेवर दिखाए और अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना ही इस शिविर का मूल उद्देश्य है। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी देश को विकसित और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को समृद्ध बनाना चाहते हैं। सहयोग शिविर इसी संकल्प को पूरा करने का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिविर में प्राप्त आवेदनों के निपटारे के लिए एक सख्त और पारदर्शी समय-सीमा की घोषणा की टब कहा कि आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन अनिवार्य होगा। यदि 30वें दिन तक आदेश जारी नहीं हुआ, तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा इस प्रक्रिया की कड़ी निगरानी होगी। लापरवाही पर 10वें दिन पहला, 20वें दिन दूसरा और 25वें दिन तीसरा नोटिस सीधे सचिवालय से जारी किया जाएगा।

अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को राज्य के सभी जिलों में पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित होंगे। अंचल, प्रखंड और थाना स्तर की समस्याओं का 30 दिनों में समाधान होगा। इसमें मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को भी कम से कम तीन शिविरों में रहना अनिवार्य होगा।
सीएम ने कहा कि आम नागरिक अपनी शिकायतें बीते 11 मई को जारी पोर्टल sahyog.bihar.nic.in और हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने इस अवसर पर सोनपुर के विकास के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स का एलान किया। कहा कि पटना के जेपी गंगा पथ की तर्ज पर सोनपुर में गंगा-अंबिका पथ का निर्माण होगा। इसके अलावा नया ब्रिज, गांधी सेतु के समानांतर नया पुल और कच्ची दरगाह-राघोपुर पुल का काम युद्धस्तर पर जारी है। सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ के नाम पर एक नया आधुनिक टाउनशिप और एयरपोर्ट प्रस्तावित है। नोएडा की तर्ज पर इस पूरे इलाके को संवारा जाएगा। टाउनशिप के लिए अधिग्रहित जमीन के मामले में यदि किसी परिवार में बेटी की शादी जैसी परिस्थिति है, तो उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। कहा कि राज्य के जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां इसी जुलाई सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। साथ ही हर प्रखंड में मॉडल स्कूल के रूप में सरस्वती विद्या विज्ञान निकेतन’ खोले जाएंगे।

राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए सीएम ने कहा कि आगामी 15 अगस्त तक सामान्य मरीजों को जिला या अनुमंडल अस्पताल से रेफर करने का खेल बंद होगा। ऐसा करने वाले सिविल सर्जन के खिलाफ सीधी कार्रवाई होगी। केवल गंभीर मरीजों को ही बड़े अस्पतालों में भेजा जाएगा।
जीविका दीदियों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि जो बहनें पहले 5 हजार का काम नहीं कर पाती थीं, आज वे 1.20 लाख करोड़ रुपये का कारोबार कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चौधरी ने सहयोग शिविर में आए आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन करते हुए लाभुकों को बासगीत पर्चा, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत सांकेतिक चेक सौंपे। इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक विनय कुमार सिंह, कृष्ण कुमार मंटू, जनक सिंह, मनोरंजन सिंह, छोटी कुमारी, रणधीर कुमार सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
![]()













Leave a Reply