Advertisement

करहरिया रहिवासी बिनोद महतो की हत्या, जांच में जुटी बालीडीह पुलिस

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के करहरिया पंचायत कशियाटांड़ में करहरिया रहिवासी 45 वर्षीय बिनोद महतो का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार शव के सिर, पेट और पीठ पर कई जगह चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ते की भी मदद ली। साथ ही गांव के रहिवासियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के पुत्र उदय कुमार साव ने 17 मई को बताया कि उनके पिता अक्सर मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते थे और कभी-कभार ही गांव आते थे। उदय अपनी मां और बहन के साथ जिला के हद में पेटरवार स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। बताया कि बीते 15 मई की रात उसके पिता गांव पहुंचे थे, जबकि 16 मई की रात को यह घटना हुई। घटना की जानकारी मिलने पर वह पेटरवार से गांव पहुंचा है। मृतक के पिता छोटू महतो ने बताया कि वे गांव के मुहाने स्थित सूरज मोड़ में रहते हैं। बताया कि 17 मई की सुबह ग्रामीणों से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने पोते को जानकारी दी। समाचार प्रेषण तक मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *