Advertisement

किरीबुरू में मामूली मजाक बना जानलेवा, युवक की गला रेतकर हत्या का प्रयास

प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में एक मामूली मजाक अचानक खूनी वारदात में बदल गया।

बताया जाता है कि मिलन चौक रहिवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप पर करूआ बस्ती रहिवासी कालू करूआ ने चाकू से गले पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज किरीबुरू अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि उक्त घटना 16 मई की देर शाम की है। घायल युवक को खून से लथपथ हालत में तत्काल सेल के किरीबुरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे खतरे से बाहर बताया है।

घायल चंद्रमोहन गोप के अनुसार वह रोज की तरह मजदूरी कर घर लौटा था और पास की एक दुकान पर सामान लेने गया था। वहीं पहले से मौजूद कालू करूआ उससे बातचीत करने लगा। बताया जाता है कि आरोपी हाल ही में तमिलनाडु (चेन्नई) से मजदूरी कर लौटा था और तमिल भाषा में कुछ बोल रहा था। चंद्रमोहन इसे मजाक समझकर उसी अंदाज में जवाब देने लगा। इस दौरान अचानक कालू गुस्से में आ गया।

आरोप है कि कालू ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर अचानक चंद्रमोहन के गले पर हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि युवक का गला आंशिक रूप से कट गया और मौके पर ही भारी मात्रा में खून बहने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय रहिवासियों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे घायल के सेल अस्पताल के चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई के कारण युवक की स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। इधर उक्त घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी और मामले की जांच के लिए आसपास के रहिवासियों से पूछताछ जारी है।

घटना के बाद मिलन चौक और करूआ बस्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय रहिवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि मामूली बात पर इस तरह की जानलेवा घटना को अंजाम दिया गया। रहिवासियों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा को गंभीर चिंता का विषय बताया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *