Advertisement

टाउनशिप योजना व् टोपोलैंड भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों का आंदोलन तेज

विरोध को लेकर 19 मई को सोनपुर में महा बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार की सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड क्षेत्र में टाउनशिप योजना के नाम पर भूमि अधिग्रहण और टोपो लैंड क्षेत्र में किसानों की जमीन हड़पने के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। इस मुद्दे पर 17 मई को दो अलग-अलग स्थानों पर बैठकें कर आगे की रणनीति तय की गई।

जानकारी के अनुसार सोनपुर प्रखंड के हद में कल्याणपुर पंचायत के बैजलपुर स्थित जड़भरत मंदिर परिसर में विरोध को लेकर एक आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में टाउनशिप के नाम पर भू-स्वामियों से मनमाने तरीके से भूमि लेने के सरकारी निर्णय का विरोध किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम बिनोद सिंह ने की।

बैठक में टाउनशिप योजना से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं, भूमि अधिकारों तथा भविष्य में होने वाले प्रभावों पर चर्चा की गयी। उपस्थित गणमान्य जनों ने सरकार से मांग की कि निर्णय से पहले किसानों की स्थिति और स्थानीय किसानों की भावनाओं को ध्यान में रखकर योजना पर पुनर्विचार किया जाए। बिना सहमति और संवाद के लिया गया निर्णय जनहित में नहीं माना जा सकता। मौके पर सर्वसम्मति से जनजागरण अभियान चलाने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता बिनोद सिंह सम्राट, टूटू सिंह, अनिल सिंह, भरत सिंह, बिक्रम सिंह, प्रभात रंजन, चंदन सिंह, दीपक सिंह, मनोज सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

वहीं टोपोलैंड संघर्ष समिति सोनपुर के तत्वावधान में सबलपुर में किसान नेता ब्रज किशोर शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की गयी। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के विरुद्ध 19 मई को आयोजित होने वाली महा बैठक की तैयारी करना था।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि सोनपुर अनुमंडल के प्रत्येक गांव-पंचायत तक पहुंचकर रहिवासियों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। समिति ने टोपोलैंड के अधिकारों की रक्षा, न्यायपालिका के सम्मान तथा नागरिक अधिकारों की सुरक्षा हेतु शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

सरकार द्वारा न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के विरुद्ध महाबैठक 19 मई की संध्या 5 बजे आरुष गार्डन सोनपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समिति ने आम रहिवासियों से अपील की कि लोकतांत्रिक मूल्यों और न्यायालय के आदेशों की रक्षा के लिए महा बैठक में बड़ी संख्या में शामिल हों।

उपस्थित प्रमुख रहिवासियों में विनोद सम्राट, सुरेश नारायण सिंह, दया शंकर राय, सुधीर सिंह टूटू, दिलीप शर्मा (सरपंच), अवधेश सिंह, उदय शंकर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, राम विनोद सिंह, मुकेश सिंह बबलू, मदन सिंह, प्रेम शर्मा, देवनाथ शर्मा समेत कई गणमान्य शामिल थे। उक्त अवसर पर न्याय की इस लड़ाई में 19 मई को आरुष गार्डन सोनपुर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *