रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोरी पंचायत अंतर्गत तेतुलिया गांव में आयोजित पावन चड़क पूजा महोत्सव में चंदनक्यारी विधायक उमाकांत रजक शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
चड़क पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पूरा वातावरण भक्तिमय नारों और धार्मिक अनुष्ठानों से गूंज उठा। विधायक उमाकांत रजक ने पूजा स्थल पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन आमजनों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि चड़क पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।
विधायक ने बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं सभी क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि देवों के देव महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और हर घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply