Advertisement

सीबीएसई 12वीं में ऑल इंडिया टॉपर भाव्या को पूर्व विधायक ने दी बधाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने सीबीएसई बोर्ड की आर्ट्स संकाय परीक्षा में ऑल इंडिया टॉपर बनने वाली अपनी भतीजी भाव्या रंजन को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे परिवार, गोमिया क्षेत्र और झारखंड राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

पुर्व विधायक डॉ महतो ने 16 मई को कहा कि भाव्या रंजन ने अपनी कठिन मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल की है। कहा कि आज के दौर में जहां प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, वहां इस प्रकार की सफलता प्राप्त करना बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भाव्या की उपलब्धि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और युवा पीढ़ी को शिक्षा के प्रति समर्पण एवं निरंतर मेहनत करने का संदेश देगी।

उन्होंने कहा कि सफलता कभी भी एक दिन में नहीं मिलती। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और परिवार का सहयोग होता है। भाव्या ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदारी से किया जाए, तो किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। पूर्व विधायक ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। भाव्या की उपलब्धि इसी बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती है। उन्होंने भाव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी शिक्षा और जीवन के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएं तथा समाज और राज्य का नाम रोशन करें।

उन्होंने विद्यार्थियों से भी अपील की कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया की अनावश्यक व्यस्तताओं से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें तथा मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं। कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र और राज्य के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत और लगन युवाओं के लिए प्रेरणा है। मुझे विश्वास है कि भाव्या भविष्य में भी नई सफलताएं हासिल कर देश और समाज का नाम रोशन करेंगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *