Advertisement

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का किरीबुरू में सफल समापन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। ओड़िशा राज्य की सीमा पर स्थित झारखंड के किरीबुरू में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बीते 15 मई को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का 16 मई को सफल समापन हो गया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दूसरे दिन 16 मई को विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रातःकाल ध्वज प्रणाम एवं शाखा कार्यक्रम के साथ दिन की शुरुआत की गयी, जिसमें अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। इसके बाद सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता और एकजुटता का भाव मजबूत हुआ।

विचार परिवार विषय पर अजय कुमार ने भाजपा की राष्ट्र प्रथम विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं मृत्युंजय शर्मा ने व्यावहारिक सत्र में जनसंपर्क और संवाद कौशल की अहमियत बताई। राहुल सहदेव ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने का आह्वान किया। राकेश भास्कर ने संगठनात्मक कार्यक्रमों की निरंतरता और जनसंपर्क को मजबूत करने पर बल दिया।

समापन सत्र में डॉ प्रदीप वर्मा ने वर्ष 2027 के पंचायत चुनाव को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए बूथ स्तर तक विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया गया। अंत में जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को जनसेवा में लागू करने की अपील की। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *