Advertisement

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन को ले बोकारो जिला प्रशासन सख्त

सभी संबंधित प्रपत्र चार 16 मई तक जिला कार्यालय में उपलब्ध कराएं-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बीते 5 मई को पारित आदेश के अनुपालन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 15 मई को संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि उनके अध्यक्षता में जिला ठोस अपशिष्ट मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया। समिति में उप विकास आयुक्त को उपाध्यक्ष-सह-नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य, नगर निकाय, शिक्षा, परिवहन, पंचायत, जनसंपर्क, प्रदूषण नियंत्रण तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

उपायुक्त झा ने जिला के हद में चास नगर निगम, फुसरो नगर परिषद तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सभी पंचायतों से संग्रह करते हुए निर्देश दिया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अंतर्गत निर्धारित प्रपत्र-चार में अद्यतन प्रतिवेदन तैयार कर 16 मई तक जिला कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कहा कि प्रतिवेदन में प्रतिदिन उत्पन्न कचरे की मात्रा, घर-घर कचरा संग्रहण की स्थिति, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, कम्पोस्ट संयंत्र, पुराने अपशिष्ट की स्थिति, डम्पिंग यार्ड, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, बड़े अपशिष्ट उत्पादकों की सूची, उपयोगकर्ता शुल्क संग्रहण तथा जन जागरूकता गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल हो।

उन्होंने जिला में स्थित बड़े होटल, विवाह भवन, अपार्टमेंट, अस्पताल, विद्यालय, महाविद्यालय एवं बड़े व्यावसायिक/औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित सभी बड़े अपशिष्ट उत्पादकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही इन संस्थानों में स्रोत पर कचरा पृथक्करण, कम्पोस्टिंग एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित कराने को कहा।

उन्होंने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, डीपीआरओ रवि कुमार, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग चास राम प्रवेश राम, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग चंदन कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, नगर परिषद फुसरो के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, नगर निगम के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *