Advertisement

जीटी रोड किनारे लगने वाले हाट बाजारों पर प्रशासन सख्त

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। नेशनल हाईवे किनारे लगने वाले साप्ताहिक हाट-बाजारों को हटाने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद बगोदर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 15 मई को जिला के हद में बगोदर प्रखंड के औरा जीटी रोड स्थित साप्ताहिक हाट में प्रशासनिक टीम पहुंची।

बता दे कि गिरिडीह जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने निर्देश जारी किया है कि कोई भी हाट या बाजार सड़क किनारे नहीं लगाया जाएगा। उक्त निर्देश के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है और सड़क किनारे लगने वाले बाजारों को हटाकर दुकानदारों को निर्धारित बाजार टांड़ में दुकान लगाने को कहा जा रहा है। आदेश के अनुपालन में बगोदर के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ औरा हाट पहुंचे। इस दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर बैठे दुकानदारों को पहले समझाते हुए अपने सामान हटाने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर प्रशासन की ओर से कहा गया कि सड़क किनारे बाजार लगने से आए दिन जाम और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम राहगीरों को काफी परेशानी होती है। इसलिए सभी दुकानदारों को सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित किया जा रहा है। हिदायत के बाद भी सड़क खाली नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों को सड़क से हटाकर बाजार टांड़ में जबरन व्यवस्थित कराया। उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *