कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय के कुल 60 प्रतिभागी शामिल
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित कोल इंडिया की अनुशंगी इकाई सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 15 मई को संविदा कार्य से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीसीएल के सतर्कता विभाग के तत्वाधान में मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा उत्खनन विभाग, सीसीएल में प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को उत्खनन विभाग में कॉन्ट्रैक्ट कार्य से संबंधित एसओपी पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी(सीवीओ) पंकज कुमार, महाप्रबंधक (उत्खनन विभाग) प्रवीण कुमार तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास विभाग) मो. फैयाज़ुल हक उपस्थित थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (मा.स.) द्वारा मुख्य सतर्कता अधिकारी, महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं महाप्रबंधक (उत्खनन) का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत के साथ किया गया। वहीं स्वागत संबोधन महाप्रबंधक (मा. स.) द्वारा प्रस्तुत किया गया। संबोधित करते हुए सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने कहा कि यह एसओपी अधिकारियों के व्यावहारिक अनुभवों एवं कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य निष्पादन एवं प्रक्रियाओं के दौरान एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों एवं मुख्यालय के परियोजना अभियंता (उत्खनन) एवं फोरमैन सहित कुल 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
![]()













Leave a Reply