Advertisement

डीएवी कथारा में झारखंड आज से त्रि-दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में 15 मई से तीन दिवसीय जोनल कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

उक्त जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने 14 मई को बताया कि 15, 16 एवं 17 मई को झारखंड जोन–आई के सात विद्यालयों के शिक्षकों के लिए त्रि दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने वाले विद्यालयों में डीएवी कथारा, डीएवी स्वांग, डीएवी ललपनिया, डीएवी तेनुघाट, डीएवी दुग्धा, डीएवी ढोरी तथा डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारीदाह शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजित कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के ज्ञान, शिक्षण कौशल एवं नवीन शैक्षणिक पद्धतियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके। कहा कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक शिक्षण तकनीक, नवाचार आधारित शिक्षण विधियाँ, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों के समग्र विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ हीं सामान्य एवं विषय आधारित विभिन्न ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए अनुभव साझा करने, नवीन विचारों के आदान-प्रदान तथा अपने व्यावसायिक कौशल को विकसित करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध होगी। विद्यालय के प्राचार्य सह-झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नई चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली है। सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों सहित पूरा विद्यालय परिवार इस आयोजन को लेकर उत्साहित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *