Advertisement

लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

महोत्सव में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो हुए शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू पंचायत स्थित प्रसिद्ध खेलाचंडी मंदिर परिसर में आयोजित श्रीश्री 108 लक्ष्मीनारायण महायज्ञ सह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना है। धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है। महोत्सव में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं यज्ञ में भाग ले रहे हैं।

इसी क्रम में 14 मई को गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो महायज्ञ स्थल पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। उन्होंने यज्ञ मंडप में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर पहुंचने पर आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने पुर्व विधायक डॉ महतो का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा आमजनों को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। इससे समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है। कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय सभ्यता और संस्कारों की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इतने भव्य धार्मिक आयोजन का सफल संचालन सराहनीय कार्य है।

महायज्ञ के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। जगह-जगह भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यज्ञाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहे अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *