प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिले में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष की समस्या के स्थायी समाधान एवं मानव और वन्यजीवों के सह-अस्तित्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में 14 मई को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने की।
बैठक में उपायुक्त ने मानव-हाथी संघर्ष प्रबंधन को लेकर राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामुदायिक सहभागिता और दीर्घकालिक रणनीति के माध्यम से संभव है।
बैठक के दौरान हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए कॉरिडोर विकसित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, वन क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रभावित परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वन्य जीव संरक्षण और ग्रामीण हितों के बीच संतुलन बनाते हुए ऐसी कार्य योजना तैयार की जाए, जिससे मानव और हाथियों के बीच टकराव की घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल समस्या का तात्कालिक समाधान नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और प्रभावी व्यवस्था तैयार करना है। बैठक में वन विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply