लाभुकों से संवाद कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का लिया जायजा
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा, ओरदाना एवं बुढ़नगोड़ा गांवों में जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 14 मई को आम बागवानी एवं अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के क्रम में डीसी ओरदाना गांव स्थित अबुआ आवास योजना की लाभुक सावीती देवी के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से आत्मीय बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ बैठकर घर का पानी ग्रहण किया तथा ग्रामीणों के बीच अपनत्व और विश्वास का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम जरूरतमंद तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां आम बागवानी योजना से जुड़े लाभुकों से भी डीसी ने संवाद किया।
उन्होंने किसानों से आय संवर्धन, मल्टी क्रॉप खेती, पपीता रोपण तथा उत्पादों के बेहतर मार्केट लिंकेज को लेकर चर्चा की। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पेटरवार संतोष कुमार महतो को योजनाओं के सफल संचालन एवं किसानों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहिवासी मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply