नन्हे तैराक इशांक एवं अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने 14 मई को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र जे जारंगडीह स्थित परियोजना क्षेत्र का दौरा किया। जारंगडीह परियोजना एवं संशोधित माइन क्लोजर प्लान की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पुनर्वास, स्थानीय जनकल्याण तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।
इसके उपरांत मंत्री दूबे ने कथारा क्षेत्र स्थित सीसीएल के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर वहां संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्थानीय युवाओं से संवाद किया तथा प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को प्रमाण पत्र भी दिया।
मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार कोयला क्षेत्र में आधुनिक, पारदर्शी एवं सतत विकास आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय रहिवासियों के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। कहा कि सीसीएल द्वारा सीएसआर के अंतर्गत संचालित यह केंद्र स्थानीय युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद वर्गों को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक से पूर्व मंत्री ने रांची के 7 वर्षीय इशांक सिंह को सम्मानित किया। इशांक ने महज 9 घंटे 50 मिनट में श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे समुद्री सफर को तैरकर पूरा किया है। इस उपलब्धि के साथ वे ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं।
मंत्री ने सीसीएल एवं झारखंड सरकार की संयुक्त पहल से संचालित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) के तीन अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों विकास उरांव, कुमारी रिष्टी राज एवं चंदा कुमारी को भी सम्मानित किया। सीसीएल मुख्यालय में मंत्री के नेतृत्व में मंत्रालय के अधिकारियों, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा एवं सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों तथा विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्पादन, परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा, सीएसआर गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री ने सीएमपीडीआई की भी समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न परियोजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
बताया जाता है कि केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे सीसीएल के कथारा क्षेत्रीय दौरे पर कथारा एवं जरंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के नव निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का विकास क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने जरंगडीह स्थित छठ घाट का भी निरीक्षण किया। घाट के निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही। वहीं जारंगडीह में कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं एवं युवतियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि कौशल विकास योजनाएं महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मौके पर सीसीएल के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद रहे। मंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
![]()













Leave a Reply