Advertisement

स्टेट टॉपर के बाद अब इंडिया टॉपर बनकर कसमार की भव्या ने रचा इतिहास

सीबीएसई 12वीं परीक्षा में देशभर में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर बढ़ाया झारखंड का मान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड की प्रतिभाशाली बेटी भव्या कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर ऐसा इतिहास रच दिया है, जिस पर पूरा झारखंड गर्व महसूस कर रहा है।

कसमार प्रखंड के हद में पाड़ी रहिवासी लक्ष्मीकांत महतो की पुत्री एवं गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो की भतीजी भव्या ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में देश स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।

भव्या की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही कसमार, गोमियां और बोकारो समेत पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। रहिवासियों ने कहा कि भव्या ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी कठिन परिश्रम और मजबूत इरादों के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।

भव्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। पढ़ाई के प्रति उनकी गंभीरता, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि भव्या रोजाना नियमित अध्ययन करती थीं और हर विषय पर गहराई से तैयारी करती थीं। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन और शिक्षकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।
पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने अपनी भतीजी भव्या की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और भव्या ने पूरे राज्य के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का काम किया है।

क्षेत्र के कई सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और शिक्षा प्रेमियों ने भी भव्या को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। परिवारजनों ने उम्मीद जताई कि भव्या भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छूकर देश और समाज की सेवा करेंगी। भव्या की इस उपलब्धि से कसमार प्रखंड एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया है। पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है तथा रहिवासी उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *