Advertisement

हल्की वर्षा में हीं समस्तीपुर शहर फिर हो गया पानी-पानी

सड़कें व मुहल्ले जलमग्न, नगर निगम की नाला निर्माण योजना की खुली पोल-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला प्रशासन तथा नगर निगम प्रशासन की ढुलमूल रवैये के कारण समस्तीपुर शहर में 13 मई को हुई हल्की वर्षा ने एक बार फिर नगर निगम की तैयारियों और सड़क-नाला निर्माण योजनाओं की पोल खोल कर रख दी है। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख सड़कें, चौक-चौराहे और मुहल्ले जलमग्न हो गए, जिससे रहिवासियों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जाता है कि समस्तीपुर शहर के क्रांति होटल के समीप मुख्य सड़क पर बारिश के जारं जल-जमाव हो गया। वहीं विवेक-विहार, सरोजनी गली, बारह पत्थर, काशीपुर, आजादनगर, आदर्शनगर आदि मुहल्ले की सड़कें पुरी तरह जलमग्न हो गई। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर घुटनों तक पानी जमा हो गया।

इसे लेकर भाकपा माले के जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहा। कहा कि आमजनों को आवागमन में काफी कठिनाई हुई, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगहों पर पानी में वाहन बंद हो गए। माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क एवं नाला निर्माण कराया गया, लेकिन पहली ही बारिश में उसकी गुणवत्ता की कलई खुल गई। उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और निर्माण कार्य में अनियमितता के कारण शहर में हर वर्ष जल-जमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है।

कहा कि जल जमाव से बाजार क्षेत्र, रिहायशी इलाकों तथा मुख्य सड़कों पर गंदा पानी फैल गया है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने, नालों की सफाई कराने तथा निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। इधर बारिश के बाद शहर की बदहाल स्थिति को लेकर आम रहिवासियों में नगर निगम के प्रति आक्रोश देखा गया। रहिवासियों का कहना है कि हर वर्ष जल जमाव की समस्या से शहरवासी जूझते हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *