मानसून से पहले सबलपुर तटबंध को अभेद्य बनाने की तैयारी; डीएम ने किया निरीक्षण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला प्रशासन ने आगामी मानसून के दौरान बाढ़ के खतरों से निपटने के लिए कमर कस ली है। इसे लेकर 13 मई को सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर क्षेत्र का सघन दौरा किया।
बताया जाता है कि डीएम ने बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि जन-सुरक्षा से जुड़े इन कार्यों में किसी भी तरह की कोताही अक्षम्य होगी। उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम को वार फुटिंग (युद्ध स्तर) पर पूरा करें। उन्होंने डेडलाइन तय करते हुए कहा कि आगामी 30 जून तक हर हाल में सभी कार्य पूर्ण हो जाने चाहिए। गुणवत्ता और समय सीमा बनाए रखने के लिए डीएम ने अधिकारियों को डेली बेसिस (दैनिक आधार) पर प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और उसकी निगरानी करने का आदेश दिया।

ज्ञात हो कि तटबंध के 1.8 किलोमीटर लंबे अति-संवेदनशील हिस्से को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। जिलाधिकारी ने इसे मानसून आने से पहले पूरी तरह सुरक्षित करने को कहा। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि आबादी वाले क्षेत्रों के निकट पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग (बालू की बोरियां) और अन्य राहत सामग्रियों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अनुमंडल पदाधिकारी (सोनपुर), बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारी (सोनपुर) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता तटबंध को समय रहते सुरक्षित करना है, ताकि मानसून में जान-माल का नुकसान न हो। विभाग को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि जून खत्म होने से पहले सभी तकनीकी और सुरक्षात्मक कार्यों को अंतिम रूप दें।
![]()













Leave a Reply