रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार की कथित अकर्मण्यता एवं विफलताओं के कारण बोकारो जिला सहित पूरे प्रदेश में उत्पन्न पानी और बिजली की गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी बोकारो जिला इकाई द्वारा उपायुक्त कार्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।
प्रदर्शन कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली और पानी की समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक रहिवासी पेयजल संकट और लगातार बिजली कटौती से परेशान हैं, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में आमजन पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से बेखबर है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियों और लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि बोकारो सहित पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है तथा पेयजल संकट से जनता परेशान हैं। सरकार को अविलंब ठोस कदम उठाने चाहिए, अन्यथा भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
वहीं बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल ने कहा कि जनता अब राज्य सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास और जनसुविधाओं के मुद्दे पर पूरी तरह फेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हित में लगातार संघर्ष करती रहेगी और सरकार को जवाब देना होगा। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि बोकारो जिला सहित पूरे झारखंड में पानी और बिजली की समस्या ने आम रहिवासियों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था संभालने में असफल रही है और जनता त्राहिमाम कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन चलाने को बाध्य होगी।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर पानी और बिजली संकट के समाधान की मांग की। मौके पर भाजपा के वरीय नेता रोहित लाल सिंह, सुधीर सिंहा, कुमार अमित, मुकुल ओझा, संजय सिंहा, अर्जुन सिंह, शंकर रजक, जय देव राय, संजय सिंह, आनंद महतो, अनीश जायसवाल, सुरेंद्र महतो, मनोहर महतो, किशोर कुमार महतो आदि शामिल थे।
![]()













Leave a Reply