Advertisement

सेवानिवृत्त शिक्षक ने स्टेट टॉपर छोटी को सम्मानित कर दिए सफलता के गुर

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। शिक्षा केवल नौकरी या पेशा नहीं, बल्कि जीवन भर चलने वाली साधना है। इसी सोच को चरितार्थ करते हुए बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के गर्री रहिवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दुर्गा प्रसाद प्रजापति ने राज्य स्तरीय इंटर कला संकाय परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाली स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया।

छोटी के पैतृक आवास खैराचातर 11 मई को पहुंचकर सेवानिवृत शिक्षक प्रजापति ने छात्रा की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने छोटी को पुरस्कृत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे समाज और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की तैयारी का परिणाम नहीं, बल्कि यह निरंतर अध्ययन, समय प्रबंधन और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के दौरान समय को छोटे-छोटे लक्ष्यों में बांटकर तैयारी करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं। कहा कि उच्च शिक्षा के दौरान कई प्रकार की चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन विद्यार्थियों को धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य पर केंद्रित रहने वाले छात्र ही बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं।

इस अवसर पर छोटी के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने छोटी की सफलता पर हर्ष जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छोटी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिल रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *