Advertisement

बाबा हरिहरनाथ दरबार में पर्यटन मंत्री, संवरेगा मंदिर, बनेगा भव्य कॉरिडोर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर की पावन भूमि 11 मई को उस समय भक्ति और संकल्प के संगम की साक्षी बनी, जब बिहार के नवनियुक्त पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात बाबा के चरणों में शीश नवाया। मंत्री सुबह नौ बजे मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री एवं अन्य आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चारणों के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और वंदन किया।

​​पदभार संभालते ही सबसे पहले बाबा हरिहरनाथ के द्वार पर पहुंचना मंत्री गुप्ता की अटूट आस्था को दर्शाता है। पूजनोपरांत उन्होंने मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ से औपचारिक भेंट की और मंदिर के भविष्य को लेकर अपना दूरदर्शी विजन साझा किया। इस अवसर पर ​मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने हरिहरनाथ धाम को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर को अयोध्या के राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस महापरियोजना के लिए ₹680 करोड़ की भारी-भरकम राशि खर्च करने की योजना है। कहा कि मंदिर परिसर का विस्तार, आधुनिक सुविधाएं और सौंदर्यीकरण इस योजना का मुख्य हिस्सा होंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार को पर्यटन के मानचित्र पर नई ऊंचाइयों पर ले जाना और बाबा के इस पावन धाम का पुनरुद्धार करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस खास अवसर पर हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने पर्यटन मंत्री को अंगवस्त्र और भगवान हरिहरनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। ​मंत्री ने संकल्प लिया कि वे बिहार के विकास और यहाँ की आध्यात्मिक विरासत को सहेजने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। इस घोषणा के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय रहिवासियों में हर्ष की लहर है, क्योंकि अब हरिहरक्षेत्र भी वैश्विक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *