अदिति मिसिंग केस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस को दिये सख्त निर्देश
प्रहरी संवाददाता/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के कोकर खोरहा टोली गली नंबर एक की रहने वाली 18 माह की मासूम बच्ची अदिति पांडेय बीते 9 मई की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। रांची पुलिस ने आम जनों से अपील करते हुए कहा है, कि जो भी इस बच्ची के बारे में जानकारी देंगे उन्हें 50 हजार का इनाम दिया जाएगा। जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
लापता बच्ची के परिजनों के अनुसार अदिति बीते 9 मई की संध्या लगभग 4:30 बजे से घर के पास से ही गायब हो गयी है। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिवार वालों ने इसकी सूचना आसपास के रहिवासियों और स्थानीय प्रशासन को दी है। बच्ची के लापता होने के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हैं। साथ हीं आमजनों से मदद की अपील कर रहे हैं। कहा गया कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं भी दिखाई दे, तो तुरंत मोबाइल क्रमांक 6203427434 पर संपर्क करें।
बताया जाता है कि राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से डेढ़ साल की मासूम बच्ची के लापता होने से पूरे इलाके में चिंता बढ़ गई है। उसका 11 मई तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस को तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। अदिति के अचानक लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है। मां-बाप और परिजन पोस्टर लेकर शहर में बच्ची की तलाश में लगे हैं। मामले में मुख्यमंत्री सोरेन ने पुलिस को सख्त निर्देश दिये हैं।
रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर *Find Aditi* अभियान भी तेजी से फैल रहा है। ज्ञात हो कि अदिति पांडेय के पिता मनीष कुमार पांडेय कोकर स्थित डॉन बॉस्को स्कूल गेट नंबर-2 खोरा टोली, बप्पी टेंट हाउस के समीप परिवार के साथ रहते है। बच्ची के गायब होने के बाद रांची पुलिस अलर्ट मोड में है और कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस द्वारा लापता अदिति को खोजने वाले के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। साथ हीं रांची जिले के सभी थानों में उसका पोस्टर भेजा गया है।
![]()













Leave a Reply