रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्मित भवन निर्माण को लेकर बीते 9 मई को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड उच्च न्यायालय रांची के न्यायाधीश न्यायमूर्ति आनंद सेन द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही।
बताया जाता है कि कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। भूमि पूजन के उपरांत न्यायमूर्ति आनंद सेन ने शिलापट्ट का अनावरण कर भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन अधिवक्ताओं के लिए काफी उपयोगी सिद्ध होगा। भवन में ई-पुस्तकालय, आधुनिक बैठकी व्यवस्था, सोलर पावर सिस्टम सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे अधिवक्ताओं को कार्य निष्पादन में सहूलियत मिलेगी। इस दौरान कैंप टू स्थित प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय आवास का भी शिलान्यास किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आवास निर्माण से न्यायिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी तथा न्यायिक पदाधिकारियों को बेहतर आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। शिलान्यास के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि बार एवं बेंच न्याय व्यवस्था के दो मजबूत स्तंभ हैं। अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का निर्माण न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि बोकारो में न्यायिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन न्यायिक संस्थानों के विकास एवं आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से आम जनों को भी त्वरित एवं सुगम न्याय मिलने में सहायता मिलेगी। मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह एवं गरिमा से भरा रहा।
![]()













Leave a Reply