प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। झारखंड में एक के बाद एक लगातार हो रही प्रवासी मजदूरों की मौत व विदेशो में फंसने का सिलसिला नहीं थम रहा है।
इसी कड़ी में अब हजारीबाग जिला के हद में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के मडमो रहिवासी स्वर्गीय धनी महतो के 36 वर्षीय पुत्र खेमलाल महतो की कर्नाटक में बीते 8 मई को मौत हो गई।
इसकी सूचना मिलते ही परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों में हाहाकार मचा है। परिजनों के अनुसार मृतक खेमलाल काम करने के लिए बीते वर्ष नवंबर 2025 को कर्नाटक गया था।
घटना की सूचना पाकर मजदूर हित में काम करने वाले क्षेत्र के समाजसेवी सिकन्दर अली 9 मई को मडमो पहुंचकर मृतक के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई प्रवासी मजदूरों की दूसरे प्रदेश तथा विदेशो में मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की आये दिन मौत की खबर सामने आती रहती है। कहा कि हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है।
उन्होंने कहा कि बोकारो जिले के प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो की मौत एक महीने पूर्व दुबई में हो गई है, लेकिन अभी तक मृतक का शव दुबई में ही पड़ा है। ऐसे में पलायन को लेकर सरकार को ठोस नीति बनाने की जरूरत है।
![]()













Leave a Reply