Advertisement

महाराणा प्रताप जयंती पर करणी सेना ने वीर योद्धा के वीरता व् स्वाभिमान को किया नमन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में दुंदीबाग स्थित श्रीकरणी सेना के जिला कार्यालय में 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीकरणी सेना झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्र भक्त समाज के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मवीर सिंह शामिल थे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने महान योद्धा महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आयोजित कार्यक्रम में काली मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित बद्री बाबा, युवा प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीकरणी सेना झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्र भक्त समाज के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप शौर्य, धैर्य, त्याग, बलिदान और पराक्रम के प्रतीक हैं। उन्होंने देश, धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

कहा कि महाराणा प्रताप ने कठिन परिस्थितियों में भी घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन कभी अपने सम्मान से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप एक अपराजेय योद्धा थे, जिन्होंने जीवनभर संघर्ष किया और मुगल बादशाह अकबर की सेना का डटकर सामना किया।

उनके आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्हें अपनाकर समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन सुजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बद्री बाबा ने किया। अंत में शांति पाठ भी किया गया। इस अवसर पर त्रिनंदन देव सिंह, छोटू लोहार, पिंटू कुमार, देव सिंह, लम्बू सिंह, उमेश कुमार, पंकज कुमार मंडल सहित दर्जनों रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *