एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास मुफस्सील थाना क्षेत्र में बीते माह 28 अप्रैल को स्कूली छात्र के कथित अपहरण की सूचना आखिरकार झूठी साबित हुई। मामले की जांच में पुलिस ने खुलासा किया कि छात्र का किसी ने अपहरण करने का प्रयास नहीं किया था, बल्कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद अपने दोस्तों के साथ बोकारो के सेक्टर चार स्थित केएफसी में पार्टी करने गया था।
मामले का खुलासा करते हुए 8 मई को आयोजित प्रेस वार्ता में चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बीते माह 28 अप्रैल की शाम लगभग 7:30 बजे सूचना मिली थी कि चास थाना से महज 30-40 मीटर की दूरी पर काले रंग की स्कॉर्पियो पर सवार दो अज्ञात ने एक स्कूली छात्र के अपहरण का प्रयास किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्र के पिता संजीव सिन्हा के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
कहा कि पुलिस द्वारा अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना तथा छात्र से गहन पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन छात्र स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद स्कूल बस में घर लौटने के बजाय अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया। इस कारण वह लगभग दो घंटे देर से घर पहुंचा। एसडीपीओ ने कहा कि घर देर से पहुंचने पर परिजनों की डांट और स्कूल शिक्षकों का विश्वास खोने के डर से छात्र ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस जांच में स्पष्ट हो गया कि छात्र के साथ किसी प्रकार की अपहरण की घटना नहीं हुई थी। प्रेस वार्ता में चास मुफस्सील थाना प्रभारी प्रकाश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) राहुल कुमार शामिल थे।
![]()













Leave a Reply