एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित जांच टीम 8 मई को बोकारो परिसदन पहुंची। टीम का नेतृत्व प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अमिताभ कौशल कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में प्रधान सचिव की अध्यक्षता में जांच टीम बोकारो पहुंची। जांच के क्रम में टीम ने जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे थे, जिन्हें जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है। कहा गया कि सुबह से ही टीम संबंधित दस्तावेजों का गहन अध्ययन कर रही है तथा जिन बिंदुओं पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है तथा कई पूरक जानकारी मांगी गई है, जिसे शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

बताया जाता है कि प्रधान सचिव झारखंड ट्रेजरी कोड, पुलिस मैनुअल, झारखंड फाइनेंस रूल एवं वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को मानक मानकर जांच कर रही है। समिति द्वारा हजारों पन्नों की प्रमाणित प्रतियां जांच टीम अपने साथ रांची ले जा रही है, जहां इनका विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर जांच टीम पुनः बोकारो का दौरा करेगी।
जांच टीम का नेतृत्व कर रहे प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अमिताभ कौशल ने टीम के साथ जिला मुख्यालय कैंप टू स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष एवं सामान्य शाखा आदि का जायजा लिया। टीम ने बोकारो ट्रेजरी का भी निरीक्षण किया तथा विपत्र प्राप्ति समेत विभिन्न कमरों का अवलोकन किया।
टीम जांच हेतु स्वीकृत एवं कार्यरत बल का विवरण, बजट एवं आवंटन संचिका, जिला बल पंजी, मास्टर रोल पंजी, वेतन ज्ञापन, विपत्र पंजी, स्थापना मद से संबंधित अभिलेख, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा लिपिकों का विवरण, अस्थायी पहचान संख्या (टेम्परेरी आईडी) से संबंधित दस्तावेज, भुगतान एवं बैंक खाता विवरण, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं सामान्य भविष्य निधि से संबंधित अभिलेख, नव नियुक्त एवं विरमित कर्मियों का विवरण, कर्मचारी मास्टर डाटा से संबंधित बैंक खातों की सूची, उच्च वेतन खातों का लेन-देन विवरण तथा विपत्रवार विवरण अपने साथ ले गई।

बैठक एवं निरीक्षण क्रम में राज्य स्तरीय जांच टीम से उप महालेखाकार भार्गव राम ख्याति, उप सचिव वित्त विभाग ज्योति कुमारी झा, अवर सचिव वित्त विभाग कपिल देव पंडित, वरीय निदेशक आईटी ओमरेश प्रसाद सिन्हा, सहायक निदेशक एनआइसी रांची गौरव कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी खिरोद सिंह मुंडा सहित बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, राज्य कर सहायक आयुक्त विकास कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अनिमेश गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन, कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद्र उरांव, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे, शाखा प्रबंधक गौरव कुमार, सर्जेंट मेजर प्रणव कुमार आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply