रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राज्य स्तरीय इंटर कला संकाय परीक्षा में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी छोटी कुमारी को सम्मानित करने का सिलसिला लगातार जारी है।
बताया जाता है कि 8 मई को बोकारो की जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी, भाजपा के वरीय नेता लक्ष्मण कुमार नायक, भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो एवं मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल खैराचातर स्थित छोटी के आवास पहुंचे और उन्हें बुके, अंगवस्त्र एवं मिठाई देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित जनों ने छोटी की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।
मौके पर नेताओं ने छोटी के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, संस्कार और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि आज उनकी बेटी ने राज्य स्तर पर सफलता हासिल कर पूरे बोकारो जिले का नाम ऊंचा किया है। सम्मान समारोह के दौरान गांव के रहिवासी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और छोटी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य स्तर पर टॉप करना बेहद गर्व की बात है। छोटी ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उसकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।
भाजपा के वरीय नेता लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि छोटी ने पूरे कसमार प्रखंड सहित बोकारो जिले का मान बढ़ाया है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समाज और सरकार दोनों स्तर पर हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए, ताकि वे आगे चलकर देश और समाज का नाम रोशन करे। मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास लिख रही हैं। कहा कि छोटी की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि छोटी ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। पूरे क्षेत्र को उसकी उपलब्धि पर गर्व है। हम सभी उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। इस अवसर पर दर्जनों स्थानीय ग्रामीण रहिवासी, अभिभावक एवं कई गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply