Advertisement

सोनपुर में आयोजित सेफ्टी सेमिनार में गूंजी रनिंग स्टाफ की आवाज

सुरक्षित रेल सेवा के लिए सुरक्षित लोको पायलट जरूरी-एसोसिएशन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (एआईएलआरएसएस) पूर्व मध्य रेल जोनल कार्यकारिणी समिति की विस्तृत बैठक सह सेफ्टी सेमिनार 8 मई को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सामुदायिक भवन में केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष कॉमरेड डी.पी. श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष कॉ आर.आर. भगत, केंद्रीय संगठन सचिव कॉ गौतम गोस्वामी और कॉ अयोध्या पाल मुख्य अतिथि एवं पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। इसमें पूर्व मध्य रेलवे जोन के पांचों मंडलों के अध्यक्ष, सचिव तथा सभी शाखाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

सेमिनार में लोको रनिंग स्टाफ की समस्याओं के समाधान के लिए नई रूपरेखा तैयार की गई। यूनियन ने स्पष्ट किया कि ये सभी मुद्दे सीधे रेल संरक्षा से जुड़े हैं। उनकी प्रमुख मांगों में ड्यूटी के घंटे अधिकतम 9 घंटे तक सीमित करने, लगातार 2 रात्रि से अधिक कार्य नहीं लेने, 36 घंटे के भीतर मुख्यालय वापसी सुनिश्चित करने, आवधिक विश्राम (पीआर) 30+16 घंटे का दिए जाने, बीओएस के अनुसार 30 प्रतिशत लीव रिजर्व के बराबर छुट्टी का प्रावधान हो शामिल है।

मौके पर एसोसिएशन के नेताओं ने कड़े शब्दों में कहा कि रेलवे प्रशासन इन मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब रनिंग स्टाफ ही शारीरिक और मानसिक रूप से सुरक्षित नहीं रहेगा, तो रेल परिचालन 100 प्रतिशत सुरक्षित कैसे हो सकता है? सेमिनार में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि रेल प्रशासन इन मांगों पर तत्काल कदम नहीं उठाता है, तो आगामी 15 अगस्त से लोको पायलट अपने अधिकारों की घोषणा स्वयं करेंगे और संरक्षा नियमों को कड़ाई से लागू करने के लिए मजबूर होंगे।

क्षेत्रीय महासचिव कॉ अशोक कुमार राउत सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि एक ओर रेल गाड़ियों की संख्या बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर 30,000 पद समाप्त कर दिए गए हैं। इससे न केवल युवाओं के लिए अवसर खत्म हो रहे हैं, बल्कि कार्यरत रेल कर्मचारियों पर काम का बोझ असहनीय होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि रेल संरक्षा से खिलवाड़ बंद करे प्रशासन, वरना आंदोलन तेज होगा।

सेमिनार को डी.बी. दीन, आर.के. वर्मा, रंजीत कुमार, विपेश, पंकज कुमार, राजा राम प्रजापति, झुन्नू कुमार, शिव शंकर मंडल, पी.के. पप्पू, कमल कुमार, दया शंकर राय, अशोक कुमार, नरेंद्र कुमार, बिरझन चौधरी, प्रदीप कुमार, कुशाग्र, निर्दोष यादव और रविरंजन सहित कई एसोसिएशन पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *