Advertisement

राज्य सम्मेलन की सफलता को ले माले ने तेज किया जनसंपर्क- चंदा वसूली अभियान

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के दरभंगा जिला में भाकपा-माले के 12वें बिहार राज्य सम्मेलन की सफलता को लेकर 6 मई को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में चंदा वसूली सह जनसंपर्क अभियान चलाया गया। चंदा वसूली सह जनसंपर्क अभियान ताजपुर के नेशनल हाईवे के चौगछिया से सब्जी मंडी होते फतेहपुर मिश्रीलाल मार्केट तक चलाया गया। इस क्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जुलूस की शक्ल में दुकान-दुकान जाकर आम जनों से सहयोग की अपील की।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रहिवासियों को सम्मेलन के उद्देश्य और उसकी आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि यह राज्य सम्मेलन मजदूर, किसान, दलित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का मंच बनेगा। साथ ही, जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। भाजपा के बुलडोजर राज के खिलाफ व्यापक एकता का निर्माण कर संघर्ष का शंखनाद किया जाएगा।

चंदा वसूली अभियान में स्थानीय भाकपा माले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखी गई। स्थानीय रहिवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग करते हुए सम्मेलन की सफलता के लिए आर्थिक मदद दी। पार्टी नेताओं ने बताया कि आगामी 16 से 18 मई तक दरभंगा में आयोजित होने वाला यह राज्य सम्मेलन ऐतिहासिक होगा, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने ताजपुर समेत पूरे क्षेत्र से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। मौके पर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य आसिफ होदा, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, मुकेश कुमार गुप्ता, जीतेंद्र सहनी, संजीव राय, शंकर महतो, मोतीलाल सिंह समेत बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *