Advertisement

हमारा गांव-हमारे लोग अभियान के तहत पदाधिकारियों का क्षेत्र भ्रमण

की गयी संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन,सीएचसी/पीएचसी आंगनबाड़ी केंद्र की जांच

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश के आलोक में 23 अगस्त को जिले में हमारा गांव-हमारे लोग अभियान के तहत जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों के चयनित पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने सीएचसी, पीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, जलापूर्ति योजनाएं, पीएम आवास योजना, मनरेगा कार्य स्थल आदि का जायजा लिया। वहीं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की अद्यतन स्थिति व समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, मरीज पंजी, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण की गुणवत्ता, विद्यालयों में शैक्षणिक उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, मनरेगा में स्थलों पर कार्यरत मजदूर, उनकी भुगतान की स्थिति एवं पंचायत क्षेत्र में जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी ली गयी।

बताया जाता है कि उपायुक्त के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने चास प्रखंड के बिजुलिया पंचायत, निदेशक जिला ग्रामीण विकास शाखा मेनका ने चंद्रपुरा प्रखंड के पपलो पंचायत, जिला परिवहन पदाधिकारी ने पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने जरीडीह प्रखंड के अरालडीह पंचायत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम ने गोमिया प्रखंड के हजारी पंचायत, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा ने चंदनकियारी प्रखंड के भोजुडीह पश्चिमी पंचायत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो ने बेरमो प्रखंड के जारंगडीह दक्षिणी पंचायत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा ने कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत एवं अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुवा ने नावाडीह प्रखंड के पेंक पंचायत का निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि निरीक्षण क्रम में पदाधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों से संवाद कर यह जाना कि उन्हें योजनाओं से कितना लाभ मिला है, कौन-सी योजनाएं रुकी हैं या जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाई हैं। कुछ स्थानों पर कार्य प्रगति धीमी, मजदूरी भुगतान में विलंब, पोषण वितरण में असमानता जैसी समस्याएं उजागर हुई, जिन्हें संबंधित विभागों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *