गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। गौतम बुद्ध की तपोभूमि बिहार के गयाजी में 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार और झारखंड के बीच चलाई गई शानदार पैसेंजर ट्रेन को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखा कर वैशाली से रवाना किया।
इस कार्यक्रम के अवसर पर वैशाली रेलवे स्टेशन पर एक शानदार कार्यक्रम रखा गया, जिसमें वैशाली के विधायक सिद्धार्थ पटेल ने सवारी गाड़ी के ड्राइवर को फूल माला पहनकर शुभकामना दी। इस अवसर पर वैशाली और आसपास के बड़ी संख्या में रहिवासी जमे थे। उक्त ट्रेन के चालू होने से स्थानीय रहिवासियों में काफी हर्ष देखा जा रहा है।
बताया जाता है कि वैशाली से ट्रेन रवाना होने के बाद जैसे ही यह ट्रेन हाजीपुर स्टेशन पर पहुंचीं, यहां भी हाजीपुर के स्थानीय विधायक अवधेश सिंह और नगर परिषद हाजीपुर की अध्यक्षा संगीता कुमारी के अलावे काफी संख्या में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता स्टेशन पर मौजूद रहे। यहां हाजीपुर स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यहां से ट्रेन को रवाना किया।
रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार यह ट्रेन झारखंड के कोडरमा से वैशाली तक चलेगी। यह ट्रेन हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, पटना जंक्शन, राजेंद्रनगर, फतुहा, बख्तियारपुर, बिहार शरीफ, नालंदा, राजगीर, तिलैया, गया और गुरपा स्टेशनों पर रुकते हुए कोडरमा तक जाएगी। ट्रेन संख्या 63383/84 अप रूट के ट्रेन सुबह 5:15 बजे वैशाली से चलेगी तथा दोपहर 3:15 बजे कोडरमा पहुंचेगी और डाउन रूट की ट्रेन संख्या 63384 शाम 4:45 बजे कोडरमा से खुलेगी और अगली सुबह 2:45 बजे वैशाली पहुंचेगी।
इस ट्रेन के चालू होने से वैशाली जिले के रहिवासियों को राजगीर और दक्षिण बिहार के हजारीबाग और रांची आने जाने में काफी सुविधा होगी। कम खर्चे में वे अपनी यात्रा पूरी कर सकते हैं। रेलवे ने जो टाइम टेबल जारी किया है उसमें हाजीपुर और वैशाली के बीच लालगंज स्टेशन पर ठहराव नहीं दर्शाया गया है जिससे लालगंज के रहिवासियों में असंतोष देखा जा रहा है।
![]()













Leave a Reply