Advertisement

शिबू सोरेन स्मृति भवन में 21 जून को जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोकारो जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय कैंप टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार (टाउन हॉल) में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार योग कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे होगा, जिसमें जिला स्तरीय पदाधिकारी- कर्मी, आमजन एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम की सफल तैयारी एवं समुचित व्यवस्थाओं को लेकर 15 जून को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त झा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली एवं जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कार्यक्रम को व्यापक जन भागीदारी के साथ सफल बनाया जाए।

बैठक में उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, विभिन्न योग संस्थानों एवं प्रशिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले योग प्रशिक्षकों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि समाज में योग के प्रति जागरूकता और प्रोत्साहन को बढ़ावा मिल सके।

बैठक में बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ ए. बी. प्रसाद, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, जिला आयुष पदाधिकारी, नमामि गंगे के जिला नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीपीएम आयुष मयंक मंजुल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *