Advertisement

जीजीईएसटीसी में छह दिवसीय इंडस्ट्री-ओरिएंटेड स्किल सेट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरु

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास स्थित गुरु गोविंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटीज़ टेक्निकल कैंपस (जीजीईएसटीसी) में 15 जून को बी.टेक चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडस्ट्री-ओरिएंटेड स्किल सेट प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 20 जून तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा ट्विन-टेक इंजीनियरिंग एंड डिजाइन टेक्नोलॉजी प्रा. लि. भुवनेश्वर (ओड़िशा) के सहयोग से किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऑटोकैड, ई-कैड फ्यूशन, रेविट फ्यूशन पीसीबी, ब्लॉकचैन तथा पाइथन जैसे उद्योगोन्मुख एवं अत्याधुनिक तकनीकी विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक दक्षता तथा रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ) प्रियदर्शी जरुहार ने प्रशिक्षण टीम के निदेशक निरंजन कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण टीम एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए छात्रों को इस सुनहरे अवसर का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के तकनीकी एवं व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धी चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रो. सलीम अहमद ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उद्योग जगत में प्रचलित नवीनतम तकनीकों से अवगत कराने तथा उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर जीजीईएस के सचिव एस. पी. सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं कौशल संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। वहीं जीजीईएस के अध्यक्ष तरसेम सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यार्थियों, प्रशिक्षण टीम एवं संस्थान परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उद्योग एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच इस प्रकार का समन्वय विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं बेहतर करियर अवसर प्रदान करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है।

कार्यक्रम के प्रथम दिन विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकी विषयों की जानकारी प्राप्त की। संस्थान परिवार ने आशा व्यक्त की कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा तथा उन्हें उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *