केंद्र, राज्य की खींचतान में छात्रों का भविष्य बर्बाद, राजनीति बंद करे सरकार-दुर्रानी
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) झारखंड राज्य परिषद की ओर से 19 नवंबर को पार्टी कार्यालय अल्बर्ट एक्का चौक रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीते 18 नवंबर को ई-कल्याण छात्रवृत्ति के सवाल पर छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई तथा राज्य सरकार की छात्रवृत्ति के प्रति उदासीनता को लेकर संगठन ने अपनी बात रखी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के प्रदेश सह सचिव एवं ई-कल्याण छात्रवृत्ति महाआंदोलन के नेतृत्वकर्ता छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने कहा कि 18 नवंबर को आंदोलन इसलिए किया गया था, क्योंकि उसी दिन हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट बैठक निर्धारित थी। कहा कि छात्रों को उम्मीद थी कि सरकार कैबिनेट की बैठक में वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान को लेकर ठोस निर्णय लेगी, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि बैठक में छात्रवृत्ति के मुद्दे पर कोई चर्चा तक नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि एआईएसएफ ने बीते 5 नवंबर और 18 नवंबर को छात्रवृत्ति के सवाल पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया। सड़कें जाम की और सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। बावजूद इसके सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। कहा कि शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 की छात्रवृत्ति अब तक लंबित है, जिससे राज्य के लाखों एसटी, एससी एवं ओबीसी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
एआईएसएफ नेता अफजल दुर्रानी ने कहा कि राज्य सरकार और गठबंधन के नेता छात्रवृत्ति भुगतान में देरी के लिए केंद्र सरकार से बजट नहीं मिलने का हवाला दे रहे हैं। यदि वास्तव में केंद्र सरकार से पर्याप्त राशि नहीं मिल रही है, तो राज्य सरकार को केंद्र के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष रखना चाहिए और झारखंड के खनिज एवं कोयला संसाधनों के बदले राज्य के अधिकार और हिस्सेदारी का सवाल उठाना चाहिए। कहा कि आखिर कब तक छात्र-छात्राओं को केंद्र और राज्य सरकार के बीच की खींचतान का खामियाजा भुगतना पड़ेगा? कहा कि गठबंधन की सभी पार्टियां केवल बयानबाजी कर रही हैं, लेकिन छात्रों के लिए ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य के कल्याण मंत्री चामरा लिंडा ने एक सप्ताह में छात्रवृत्ति राशि छात्रों के खाते में पहुंचने का आश्वासन दिया था। लगभग पांच महीने बीतने के बावजूद छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया। स्थिति यह है कि कुछ एसटी एवं एससी छात्रों को छात्रवृत्ति मिल रही है, लेकिन ओबीसी वर्ग के छात्र-छात्राओं को वर्ष 2024 के बाद से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो रहा है।
दुर्रानी ने बताया कि आज नेपाल हाउस में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर उन्हें छात्रवृत्ति से संबंधित मांग-पत्र सौंपा गया तथा आगामी विधानसभा सत्र में ई-कल्याण छात्रवृत्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाने की मांग की गई। इसके अलावा कांग्रेस विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी से भी दूरभाष पर बातचीत कर विधानसभा में लाखों छात्रों की छात्रवृत्ति का मुद्दा उठाने का आग्रह किया गया।

आंदोलन की अगली रणनीति बताते हुए उन्होंने कहा कि एआईएसएफ दिसंबर का पूरा महीना राज्य सरकार को दे रहा है। सरकार दिसंबर के अंत तक शैक्षणिक सत्र 2024-25 की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान सभी पात्र छात्र-छात्राओं के खातों में सुनिश्चित करे। यदि ऐसा नहीं होता है, तो आगामी जनवरी 2027 की शुरुआत में संगठन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होगा। कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ अब और खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आंदोलन के दौरान पुलीसिया कार्रवाई पर जिलाध्यक्ष एहतेशाम परवीन ने जताया आक्रोश
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित एआईएसएफ रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम परवीन ने बीते 18 नवंबर के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्र नेता अफजल दुर्रानी को पुलिस द्वारा घसीटते हुए हिरासत में लेने का प्रयास किया गया तथा उन्हें जेल में डालने की धमकी भी दी गई। हालांकि, मौके पर मौजूद छात्रों ने एकजुटता दिखाते हुए दुर्रानी को पुलीसिया कार्रवाई से बचाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से छात्रवृत्ति की मांग उठाना कोई अपराध नहीं है।
सरकार और प्रशासन छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करें। कहा कि छात्र नेताओं को डराने-धमकाने से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। एआईएसएफ छात्रों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रखेगा। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से एआईएसएफ प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु सिंह, रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम परवीन, जिला सचिव उत्तर उरांव, जिला उपाध्यक्ष जमील अहमद आदि शामिल थे।
![]()













Leave a Reply