Advertisement

अभेद्य सुरक्षा घेरे में रहेगा मेला क्षेत्र, चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए बना 21 नाका

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार कर लिया है। 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस महाआयोजन में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित थानों के अतिरिक्त 21 अस्थायी थाना (नाका) स्थापित किए गए है। पूरे मेला क्षेत्र को विभिन्न सुरक्षा जोन में बांटकर निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर रहेगा विशेष पहरा

बताया जाता है कि सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के संयुक्त आदेश के अनुसार मेला उद्घाटन समारोह और कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 22 से 25 नवंबर तक सभी 21 अस्थायी थाने पूरी क्षमता के साथ कार्य करेंगे। इसके बाद 26 नवंबर से मेला समाप्ति तक 13 प्रमुख अस्थायी नाको के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जाएगी। सभी नाको में पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल, लाठी बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति की गई है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पहुंच आसान बनाने के लिए इस वर्ष सोनपुर के यदुवंशी नगर चौक (एनएच-19) और सवाइच घाट पर दो नए अस्थायी नाका बनाए गए हैं। वहीं, हाथी बाजार और पुराना गंडक पुल थाने के स्थान पर अब पुल घाट नाका काम करेगा। जल मार्ग से सुरक्षा के लिए गंडक नदी में चलंत थाना (फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन) कार्यरत रहेगा। इसके अतिरिक्त, माही ब्रिज थाने में गोताखोरों और महाजाल की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि स्नान के दौरान डूबने या किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाया जा सके।

महिला सुरक्षा और अश्लीलता पर रहेगी पैनी नजर

मेला के दौरान प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मीना बाजार थाने में विशेष महिला कोषांग का गठन किया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि अस्थायी नाको की तैनाती से यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन में काफी सहूलियत होगी।साथ ही, मेले में अश्लील प्रदर्शन पर सख्ती से रोक लगाने और असामाजिक तत्वों व जेबकतरों पर नकेल कसने के लिए सादे लिबास में पुलिस की विशेष टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

सोनपुर मेला के 21 अस्थायी नाका तथा प्रभारियों की सूची के अनुसार नखास थाना में पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद, मीना बाजार थाना में पुनि रामबाबू राम, थिएटर थाना में पुनि वीरेंद्र कुमार सिंह, त्रिभुवन चौक थाना में पुनि कामेश्वर प्रसाद, शिवबचन चौक थाना में पुनि अशोक कुमार, काली घाट थाना में पुनि रंजीत पासवान, महियत थाना में पुनि शशिरंजन कुमार, बैरियाचक थाना में पुनि विपिन कुमार, माही ब्रिज थाना में पुनि ज्ञान प्रकाश, पहलेजा स्नान घाट थाना में पुनि सृजन कुमार, पुल घाट थाना में पुनि कमल राम, गोविंदचक मोड़ थाना में पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, गजग्राह चौक थाना में पुअनि रितेश कुमार मंडल, बजरंग चौक थाना में पुअनि अजय कुमार, चिड़िया बाजार थाना में पुअनि सूरज कुमार, गंडक नदी चलंत थाना में पुअनि राकेश कुमार-4, झोलिया सिंदूर चौक थाना में पुअनि चंदन कुमार राम, बैलहट्टा थाना में पुअनि सुमन कुमार मिश्रा, घोड़ा बाजार थाना में पुअनि मनोज कुमार, यदुवंशी नगर चौक थाना में पुअनि. मुकेश कुमार तथा सवाइच घाट थाना में पुअनि मनोज कुमार को प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *