Advertisement

सोनपुर मेला में चूक हुई तो खैर नहीं, हर व्यवस्था समय पर दुरुस्त चाहिए-डीएम

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला को भव्य, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसे लेकर 13 नवंबर को जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मेले की तैयारियों की व्यापक समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। मेले से जुड़े वेंडर और एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में डीएम ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, बिजली, यातायात, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, फूड कोर्ट, प्रदर्शनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी होनी चाहिए। डीएम ने सफाई एजेंसी को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से जोन वार सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कहीं भी गंदगी जमा नहीं होनी चाहिए। सफाई की नियमित निगरानी के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश भी दिया गया। सभी वेंडरों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने को कहा गया।

बैठक में मेला क्षेत्र में जोन वार पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए। बिजली एजेंसी को जोन वार कार्यादेश जारी कर समय से लाइटिंग पूरी करने को कहा गया। इसकी गुणवत्ता और निगरानी के लिए भी जिला स्तरीय टीम बनेगी। बैठक में एसडीओ सोनपुर से यातायात और पार्किंग की विस्तृत जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि इंग्लिश बाजार से ट्रैक्टर हटाने की कार्रवाई की गई है। जहां संभावना है, वहां सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करने का निर्देश दिया गया। जेपी सेतु के दोनों ओर एक-एक क्रेन और एक अतिरिक्त स्पेयर क्रेन रखने की व्यवस्था पूरी होने की जानकारी दी गई। ड्रॉप गेट की सूची भवन निर्माण विभाग को देने को भी कहा गया।

बैठक में सभी विभागों का एक समन्वय ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया, जिसमें इंडिया ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सड़क निर्माण के दौरान जहां आइओसीएल की पाइपलाइन है, वहां बिना समन्वय के खुदाई नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया। विभागों के स्टॉल पर प्रदर्शित सामग्री का पूर्व निर्धारण करने को भी कहा गया।

फूड कोर्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता, आपूर्ति की अध्यक्षता में समिति बनाने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध कराने के लिए सभी डीएम को पत्र भेजा जाएगा। बड़े ब्रांडों को भी स्टॉल दिए जाएंगे। फूड कोर्ट में पेयजल, वॉशरूम और प्रकाश की पूरी व्यवस्था रहेगी। आर्ट एंड क्राफ्ट मेला में भी फूड स्टॉल बनेंगे, जहां अंदर आधुनिक कैफे और बाहर ग्रामीण परिवेश की झलक मिलेगी।

बैठक में पीएचईडी और एसडीओ को पेयजल व वॉशरूम का संयुक्त आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा गया। मेला क्षेत्र में वेंडर के माध्यम से 50 बायो-टॉयलेट लगाने और स्थल चयन का निर्देश एसडीओ को दिया गया। पूरे नगर में यूरिनल, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालय के अपग्रेडेशन की भी समीक्षा की गयी।

इसके अलावा मेला में प्रदर्शनी स्टॉल, थाना, कंट्रोल रूम, स्वागत कक्ष, मीडिया सेल, प्रशासनिक भवन, जिला नियंत्रण कक्ष, वेलकम गेट और वीआईपी लाउंज की तैयारी समय से पूरी करने को कहा गया। कहा गया कि वेंडरों के कार्यों के सत्यापन के लिए समिति बनेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण भेजने और रैन बसेरा के लिए स्थल चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *