ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना उद्देश्य-डॉ लंबोदर
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। वनवासी कल्याण केंद्र बोकारो की ओर से 18 नवंबर को प्लस टू हाई स्कूल पेटरवार के खेल मैदान में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने फुटबॉल और दौड़ सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो, भाजपा बोकारो जिला उपाध्यक्ष अनिल स्वर्णकार, संस्था के जिला सचिव दयाल कुमार ईश्वर, महिला प्रमुख डॉ शारदा रानी, जिला संगठन मंत्री आलोक कुमार माजी, दरबारी मांझी, प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार सिन्हा, कसमार प्रखंड अध्यक्ष लाल मोहन हेंब्रम, श्रीधर महतो, कामेश्वर ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ लंबोदर महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का पहला फुटबॉल मैच बालक वर्ग में गोमिया एवं कसमार की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गोमिया की टीम ने कसमार को चार गोल से पराजित किया। वहीं बालिका वर्ग का दूसरा फुटबॉल मैच पतकी एवं दादुबाद की टीमों के बीच हुआ, जिसमें पतकी की टीम ने एक गोल से जीत दर्ज की।
दौड़ प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ में सोनी कुमारी ने प्रथम तथा आरती सोरेन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में गुलांजी कुमारी प्रथम एवं संजू कुमारी द्वितीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में गुलांजी कुमारी ने प्रथम तथा रेशमा कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं 800 मीटर दौड़ में भी गुलांजी कुमारी प्रथम एवं रेशमा कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रवि हेंब्रम प्रथम एवं इंद्रजीत हेंब्रम द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में अरुण हेंब्रम ने प्रथम तथा राजू किस्कू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में राजू किस्कू प्रथम एवं अरुण हेंब्रम द्वितीय रहे। वहीं 800 मीटर दौड़ में रोहन हेंब्रम ने प्रथम तथा आशीष हेंब्रम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ महतो ने कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों तथा युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए समय-समय पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में छिपी प्राकृतिक खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्राम स्तर से शुरू होकर प्रखंड, जिला एवं प्रांतीय स्तर तक किया जाता है। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए वनवासी कल्याण केंद्र की जिला एवं प्रखंड समितियों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()













Leave a Reply