Advertisement

अभिषेक भारती प्रकरण को ले जेजेए ने मुख्य सचिव के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पुलिस कार्रवाई का विरोध, निष्पक्ष जांच व् पत्रकारिता की स्वतंत्रता की मांग

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। पत्रकार अभिषेक भारती के झारखंड की राजधानी रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के विरोध में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) बोकारो जिला कमिटी ने 18 नवंबर को बोकारो जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर मुख्य सचिव झारखंड सरकार के नाम ज्ञापन डीसी अजय नाथ झा को सौंपा गया। बोकारो जिलाध्यक्ष शमशेर आलम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

डीसी को सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज मामले के बाद जिस प्रकार रांची स्थित उनके आवास एवं डिजिटल मीडिया कार्यालय में पुलिस द्वारा छापेमारी की गई तथा कार्यालय से सामान जब्त किए गए, उससे देशभर के पत्रकारों में आक्रोश है। संगठन ने पुलिस की इस कार्रवाई के तौर-तरीकों पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

एसोसिएशन ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को तब तक दोषी नहीं माना जा सकता, जब तक न्यायालय उसे दोषी करार न दे। संगठन किसी भी प्रकार के मीडिया ट्रायल का समर्थन नहीं करता, लेकिन मीडिया की स्वतंत्रता पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन का कहना है कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ-साथ मीडिया को अपने कोड ऑफ कंडक्ट का पालन करना भी अनिवार्य है। हालांकि, किसी पत्रकार के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जेजेए ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रकार भारती के खिलाफ की जा रही कथित प्रताड़नापूर्ण कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा पत्रकारों की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर जेजेए बोकारो जिला जिलाध्यक्ष शमशेर आलम, महासचिव डॉ राजकुमार, सचिव अशोक कुमार विश्वकर्मा, सूरज भारती, जिला कोषाध्यक्ष मोहम्मद सेराज, जिला सोशल मीडिया प्रभारी शंकर प्रसाद सिन्हा सहित अन्य पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *