Advertisement

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सजा अटल घाट, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 12 नवंबर को प्रस्तावित सारण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री के आगमन और अटल घाट के उद्घाटन को लेकर सारण जिला के हद में मांझी स्थित अटल घाट को आकर्षक स्वरूप दिया गया है। इसे लेकर 11 नवंबर को जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोशन कुमार ने घाट और आसपास के परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

बताया जाता है कि निरीक्षण क्रम में डीएम ने अटल घाट को धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने घाट की सीढ़ियों की सफाई व मरम्मत, नदी के पानी की स्वच्छता, मंदिर तक जाने वाले रास्ते को व्यवस्थित करने और पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए घाट परिसर में टेंट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही है।

उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने तथा आवश्यकता के अनुसार तीन शिफ्ट में इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। साथ ही भविष्य में घाट के बेहतर रखरखाव के लिए नगर निकाय और स्थानीय रहिवासियों की सहभागिता से समिति गठित करने को कहा।

बताया जाता है कि इसके बाद डीएम और एसएसपी ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया। यहां सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ हीं अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *