Advertisement

मांगों को सरकार तक भेजने पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक को दी गयी बधाई

वन समितियों के आर्थिक सशक्तिकरण की जगी उम्मीद-जेएफएमसी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संयुक्त वन प्रबंधन समिति (जेएफएमसी) के केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल ने 23 नवंबर को झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जेएफएमसी की अधिकांश मांगों को सरकार के स्तर तक पहुंचाकर पूरा कराने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि जेएफएमसी की मांगों को सरकार के स्तर तक पहुंचाना वन समितियों के हित में महत्वपूर्ण पहल है। वनोपज का 90 प्रतिशत हिस्सा समितियों को मिलने से ग्रामीणों को आर्थिक लाभ होगा और जंगलों के संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि वन संरक्षण तभी मजबूत होगा, जब जंगलों की सुरक्षा करने वाले ग्रामीणों और समितियों को उनका उचित अधिकार एवं लाभ मिलेगा।

केंद्रीय सचिव मो. सुलेमान ने कहा कि जेएफएमसी लंबे समय से अपने अधिकारों और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर आवाज उठाती रही है। वनोपज में 90 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग पूरी होने से समितियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने पुराने संकल्प में संशोधन की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया। कोषाध्यक्ष आनंद महतो ने कहा कि वन समितियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए वनोपज में उचित हिस्सेदारी मिलना जरूरी है। इससे समितियां जंगलों की सुरक्षा, पौधरोपण और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक मजबूती मिलने से समितियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।

केंद्रीय उपाध्यक्ष गंगाधर महतो ने कहा कि जंगली जानवरों के हमले में किसी की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग ग्रामीणों की सुरक्षा और पीड़ित परिवारों के हित से जुड़ी है। ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को समय पर उचित आर्थिक सहायता मिलना बेहद जरूरी है। बबलू महतो ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की रक्षा करने वाले ग्रामीणों को भी सुरक्षा एवं सम्मान मिलना चाहिए। जेएफएमसी की मांगों पर सरकार की ओर से की जा रही पहल से वन संरक्षण के कार्यों में ग्रामीणों की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि वन समितियों को अधिकार मिलने से जंगलों को बचाने का अभियान जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ेगा। जितेंद्र महतो ने कहा कि पुराने संकल्प में समय और परिस्थिति के अनुसार संशोधन होना जरूरी है।

इससे वन समितियों को काम करने में सहूलियत मिलेगी और उनकी जिम्मेदारियों के साथ अधिकार भी स्पष्ट होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेएफएमसी की शेष मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। अशोक महतो ने कहा कि वन समितियां वर्षों से जंगलों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में वनोपज का 90 प्रतिशत हिस्सा समितियों को मिलने से उनके आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे ग्रामीणों का वन संरक्षण के प्रति जुड़ाव और मजबूत होगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जेएफएमसी की मांगों को सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में किए गए प्रयास वन समितियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि शेष मांगों पर भी जल्द सकारात्मक पहल होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *