रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के ग्राम कुरर्को में 23 नवंबर को झारखंड के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के निर्देशानुसार सौ केवीए क्षमता वाले विद्युत ट्रांसफॉर्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया। मंत्री के विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम ने फीता काटकर ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक प्रतिनिधि का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
ज्ञात हो कि कुरर्को में नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर की स्थापना से गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को लो-वोल्टेज और बिजली से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलने की संभावना है। उद्घाटन समारोह में पार्टी के काफी संख्या में नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम ने कहा कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्पष्ट निर्देश है कि क्षेत्र के रहिवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना पड़े। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि कुरर्को गांव में 100 केवीए क्षमता वाले विद्युत ट्रांसफॉर्मर लगना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि आज बिजली केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती, छोटे व्यवसायों और ग्रामीणों के दैनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत बन चुकी है। ट्रांसफॉर्मर की स्थापना से गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण परिवारों को काफी सहूलियत होगी। कहा कि मंत्री हमेशा क्षेत्र की समस्याओं के प्रति गंभीर रहते हैं। उनका प्रयास है कि गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचें और आम जनों को सरकारी सुविधाओं का लाभ मिले। उनकी मांगों और जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्यों का उद्घाटन करना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम रहिवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। कुर्को गांव सहित पूरे क्षेत्र को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। आने वाले दिनों में भी क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए लगातार पहल की जाएगी।

वहीं, उपस्थित ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने की पहल के लिए मंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि बेहतर बिजली आपूर्ति से गांव के विद्यार्थियों, घरेलू उपभोक्ताओं और तमाम ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में पार्टी के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply