रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत 23 नवंबर को बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विक्रांत कुमार और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी मोहम्मद असलम के संयुक्त नेतृत्व में यह कार्रवाई की गयी।
बताया जाता है कि अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में स्थित आठ दुकानों की जांच की गई। इसमें कोटपा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर चार दुकानदारों पर कुल 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस क्रम में सेक्टर-5 पेट्रोल पंप के सामने पांडे दुकान के संचालक को दुकान के पीछे खुले में धूम्रपान की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया गया। वहीं, डीपीएस जूनियर स्कूल के आसपास की दुकानों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गई।
जानकारी देते हुए जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने बताया कि कोटपा कानून के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए नियमित जांच और जागरूकता अभियान जारी रहेगा।
![]()













Leave a Reply