क्षेत्र के छह दुकानदारों से ₹2,200 जुर्माना वसूली
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देशानुसार एवं सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद के सहयोग से तंबाकू मुक्त युवा अभियान (टूबैको-फ्री युथ कैंपेन) 4.0 के तहत 7 नवंबर को जिला के हद में बेरमो प्रखंड के गांधीनगर थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार यह अभियान गांधीनगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक बिलफ्रेड लकड़ा के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान कोटपा-2003 एवं पेशा-2019 के प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में कुल 6 दुकानदारों का चालान किया गया तथा अर्थदंड के रूप में ₹2,200 की वसूली की गई।
उक्त अभियान के दौरान दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने तथा दुकानों पर निर्धारित चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
जानकारी देते हुए जिला परामर्शी तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम मोहम्मद असलम ने बताया कि तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों का सेवन युवाओं और आम जनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
तंबाकू मुक्त युवा अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाना तथा तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी दुकानदारों एवं आम रहिवासियों से कानूनों का पालन करने और बोकारो को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार के जांच एवं छापेमारी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
![]()













Leave a Reply