Advertisement

डीपीएस में शिक्षकों ने सीखे किस्सागोई से पढ़ाई को रोचक बनाने के गुर

सीबीएसई की कार्यशाला में 60 शिक्षक हुए शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के उत्कृष्टता केंद्र पटना के तत्वावधान में स्टोरीटेलिंग एज अ पेडागॉजी विषय पर 23 नवंबर को क्षमता संवर्द्धन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें लगभग 60 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य कहानी कहने की कला के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और संवादात्मक बनाना था। रिसोर्स पर्सन गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (जीजीपीएस) चास के वरिष्ठ शिक्षक अनुप दमियन जॉन और डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल सेक्टर-12 के मनोज कुमार मिश्रा ने शिक्षकों को विभिन्न विषयों में किस्सागोई के इस्तेमाल के व्यावहारिक तरीके बताए।

उन्होंने कहा कि कहानियां विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच और संवाद कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यशाला में गतिविधियों के जरिए गणित को पहेली, विज्ञान को रोचक कहानी और व्याकरण को खेल के रूप में पढ़ाने के तरीके समझाए गए।

शिक्षकों ने संवादात्मक सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए.एस. गंगवार ने कहा कि कहानी आधारित शिक्षण से बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और स्मरण शक्ति को नई ऊर्जा मिलती है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सहायक हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *