Advertisement

टाइम ने जारी किया भारत के 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की पहली सूची

कारोबार, मनोरंजन, विज्ञान, खेल और तकनीक के क्षेत्र की प्रतिभाओं का चयन

कार्यालय संवाददाता/मुंबई। अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम ने भारत के भविष्य को दिशा देने वाले 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की पहली सूची जारी की है। इस सूची में कारोबार, मनोरंजन, विज्ञान, खेल, तकनीक और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को शामिल किया गया है। इस पहल में रिलायंस प्रमुख भागीदार है। टाइम की इस विशेष सूची के जरिए भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान देने का प्रयास किया गया है।

तीन विशेष मुखपृष्ठों पर चमके भारतीय सितारे

टाइम के विशेष अंक के लिए तीन अलग-अलग मुखपृष्ठ जारी किए गए हैं। इनमें अभिनेत्री आलिया भट्ट, स्काईरूट के सह-संस्थापक एवं सीईओ पवन कुमार चंदना तथा फिल्मकार आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो को स्थान मिला है। सूची में शामिल प्रतिभाओं के बारे में एसएस राजामौली, इम्तियाज अली, एआर रहमान, विशाल भारद्वाज और आयुष्मान खुराना जैसी हस्तियों ने लेख लिखे हैं।

खेल, मनोरंजन और विज्ञान की प्रतिभाओं को सम्मान

मनोरंजन जगत से अली फजल, ईशान खट्टर, नयनतारा, साई पल्लवी और विक्की कौशल को चुना गया है। संगीत क्षेत्र से दिलजीत दोसांझ, अनिरुद्ध रविचंदर और प्रीतम कुहाड़ सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।

खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, वैभव सूर्यवंशी और सविता पूनिया को जगह मिली है। कारोबार एवं तकनीक से पीयूष बंसल, राधिका गुप्ता और तरुण मेहता सहित कई नाम शामिल हैं। विज्ञान एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से शुभांशु शुक्ला और नीना गुप्ता को भी चुना गया है।

7 दिसंबर को विशेष अंक, 12 दिसंबर को मुंबई में समारोह

टाइम की सीईओ जेसिका सिबली ने कहा कि भारत की युवा प्रतिभाएं अपने विचारों और नेतृत्व से देश ही नहीं, दुनिया के भविष्य को भी प्रभावित कर रही हैं। विशेष अंक 7 दिसंबर को प्रकाशित होगा। वहीं, 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सूची में शामिल प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी। समारोह में गायक फहीम अब्दुल्ला की विशेष संगीत प्रस्तुति भी होगी।

Tegs: #TIME has released its inaugural list of 100 emerging leaders from India.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *