रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चट्टी की जर्जर छत कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय वार्ड सदस्य ने गहरी चिंता व्यक्त की है और संबंधित विभाग से अविलंब छत की मरम्मत कराने की मांग की है।
वार्ड सदस्य सेवा देवी ने विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने के बाद 18 नवंबर को बताया कि स्कूल की छत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। बारिश और पानी के रिसाव (सीपेज) के कारण छत से सीमेंट के बड़े-बड़े टुकड़े टूटकर गिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि उसी जर्जर हिस्से के ठीक नीचे बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) तैयार किया जाता है। वहीं से छोटे-छोटे बच्चों का लगातार आना-जाना लगा रहता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल मासूम बच्चों की सुरक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि वहां पढ़ाने वाले शिक्षकों, विद्यालय आने वाले अभिभावकों और खाना बनाने वाली रसोइयों की जान भी हर वक्त खतरे में रहती है। वार्ड सदस्या सेवा देवी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनसमस्याओं को निर्भीकता से उठाना उनका कर्तव्य और जिम्मेदारी है। लेकिन, जब वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से इन गंभीर मुद्दों को उजागर करती हैं, तो कुछ तथाकथित को यह नागवार गुजरता है। स्थिति यह है कि अब स्कूल की समस्याओं से जुड़े किसी भी विषय पर बात करने के लिए फोन करने पर संबंधित द्वारा फोन तक नहीं उठाया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि रहिवासियों और बच्चों के हित की बात उठाना गलत है, तो वे इस कर्तव्य को निभाती रहेंगी। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरीय पदाधिकारियों से आग्रह की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना प्राथमिक विद्यालय चट्टी की जर्जर छत की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चे और शिक्षक भयमुक्त वातावरण में पठन-पाठन कर सकें।
![]()













Leave a Reply