रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू पंचायत अंतर्गत हंसलता गांव में 13 नवंबर को एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने शिरकत की।
जानकारी के अनुसार इस अवसर पर अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।
पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारने का एक सशक्त मंच है। कहा कि आज के युवा खेल के क्षेत्र में अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपना और अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो बस उन्हें सही दिशा, उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की। हमारी यह हमेशा कोशिश रही है कि ग्रामीण इलाकों के युवाओं को उनकी खेल प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिले।

युवाओं के सपनों और उनकी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूं। खिलाड़ी खेल भावना के साथ मैदान में उतरें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छूएं। जिप सदस्य आमरदीप महाराज ने कहा कि ग्रामीण आंचल की खेल प्रतिभाओं को सहेजने और संवारने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद सराहनीय हैं। कहा कि जब क्षेत्र के युवा खेल से जुड़ते हैं, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ अनुशासन का पाठ भी सीखते हैं। सरकार और समाज दोनों को मिलकर ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए। कहा कि हंसलता के इस टूर्नामेंट में युवाओं का जोश और उत्साह यह साबित करता है कि गांवों में खेल की असीम संभावनाएं हैं। आयोजन समिति और सभी ग्रामीणों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई है।
टूर्नामेंट के सफल संचालन और आतिथ्य से गदगद अतिथियों ने आयोजन समिति और समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीणों का यह आत्मीय स्वागत और सम्मान उन्हें क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। इस आयोजन से पूरे हंसलता क्षेत्र में खेल का माहौल और उत्साह देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply