Advertisement

अक्षय नवमी पर आंवला वृक्ष पूजन, अमृत वृक्ष पूजा व् सृष्टि कल्याण का माँगा आशीर्वाद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान द्वारा शुभ अक्षय नवमी तिथि 18 नवंबर को वृक्ष पूजन दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अमृत वृक्ष आंवला की भगवान विष्णु एवं उनकी सहचरी प्रकृति माता के रूप में षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की गई। साथ ही बोकारो एवं झारखंड वासियों सहित संपूर्ण सृष्टि के कल्याण, सुख और सौभाग्य हेतु आशीर्वाद मांगा गया। यह संपूर्ण पूजन कार्य संस्थान के उपाध्यक्ष पंडित अखिलेश ओझा द्वारा संपन्न कराया गया।

वृक्ष पूजन के उपरांत जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने बताया कि समुद्र मंथन के दौरान प्राप्त अमृत कलश के लिए देवताओं और दानवों के बीच हुई छीना-झपट में अमृत की बूंदें जहां-तहां बिखर गईं, जिससे इस अमृत वृक्ष यानी आंवला की उत्पत्ति हुई। यही कारण है कि इसे अमृत वृक्ष भी कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि आज के दिन किए गए कर्म अक्षय होते हैं। इस पूजा के माध्यम से संस्थान द्वारा प्रकृति पूजा भी की जाती है तथा प्रकृति माता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हमें सुरक्षित पर्यावरण और स्वस्थ जीवन प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया गया। कहा कि यह सर्वविदित है कि प्रकृति से ही हमारा जीवन है और पूरी सृष्टि प्रकृति माता के कारण ही जीवंत है। इस वृक्ष पूजन के जरिए पूरी मानवता को प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया गया तथा सभी से यह आग्रह किया गया कि वे अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करें और उन्हें बचाने का संकल्प लें।

वृक्ष पूजन कार्यक्रम में शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, पं. अखिलेश कुमार ओझा, लक्ष्मण शर्मा, मृणाल कांत चौबे, अधिवक्ता ब्रजेश रंजन, विजय कुमार त्रिपाठी, नीलम कुमारी, अर्पणा कुमारी, बिंदु कुमारी, ललित कुमार, बीरेन्द्र मिश्र, अभय कुमार गोलू सहित कई पर्यावरण प्रहरी व् गणमान्य उपस्थित रहे।
​

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *